दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के शुक्रवार, 16 अक्टूबर को नई दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित होने वाले ‘तिरंगा लहराओ’ मार्च से पहले लोगों से वहां जाने से बचने की अपील की है। हालांकि, पुलिस ने संकेत दिया है कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने के लिए चुनिंदा लोगों को किसी उपयुक्त स्थान पर एकत्र होने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लोगों से शाम पांच बजे तिरंगा लेकर सेंट्रल पार्क पहुंचने का आह्वान किया है। यह आयोजन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर पार्टी और दिल्ली पुलिस के बीच जारी गतिरोध के बीच हो रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने भी अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी एवं डीसीपी नेहा यादव ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा पहले से लागू है।
और पढ़ें: सीजेपी के तिरंगा मार्च पर दिल्ली पुलिस की अपील, सीमित लोगों को झंडा फहराने की मिल सकती है अनुमति
16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने प्रशासनिक कारणों से 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क बंद रखने की जानकारी दिल्ली पुलिस को दी है। परिषद ने पार्क में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया है।
पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस और आसपास के बाजारों के व्यापारिक संगठनों ने दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि अवैध जमावड़े और अव्यवस्था से त्योहारों के मौसम में कारोबार प्रभावित हो सकता है।
आदेश तोड़ने पर होगी कानूनी कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने लोगों से निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वाले किसी भी जमावड़े में शामिल नहीं होने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज लेकर राष्ट्रगान गाने के लिए सीमित संख्या में लोगों को उपयुक्त स्थान पर एकत्र होने देने की व्यवस्था पर विचार किया जा सकता है। प्रतिभागियों को तिरंगे और राष्ट्रगान के प्रति निर्धारित नियमों, सम्मान और मर्यादा का पालन करना होगा। पुलिस ने शांति बनाए रखने और स्थानीय कारोबार प्रभावित नहीं करने में जनता से सहयोग मांगा है।
और पढ़ें: समय पर उठाए गए कानूनी कदमों से टला बड़ा संकट, दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट को बताया