केरल के पलक्कड़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक पिकअप वैन से 100 से अधिक बॉक्स में भरे विस्फोटक बरामद किए हैं। यह बरामदगी पलक्कड़ शहर के मेडिकल कॉलेज के पास देर रात की गई, जिससे पूरे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस के अनुसार, वाहन में बड़ी मात्रा में विस्फोटक बेहद गोपनीय तरीके से ले जाए जा रहे थे।
पलक्कड़ टाउन साउथ पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि वाहन की तलाशी के दौरान 100 से ज्यादा बॉक्स जिलेटिन स्टिक और 20 से अधिक बॉक्स डेटोनेटर बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि इन विस्फोटकों को तरबूज की बड़ी खेप के नीचे छिपाकर रखा गया था ताकि किसी को शक न हो।
वाहन चालक को हिरासत में लिया गया
पुलिस ने वाहन चालक की पहचान संथिल के रूप में की है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि उसने ये विस्फोटक कोयंबटूर से लोड किए थे और इन्हें त्रिशूर के एक खदान (क्वारी) तक पहुंचाना था।
और पढ़ें: वेनेजुएला में मादुरो के करीबी एलेक्स साब फिर गिरफ्तार, अमेरिका प्रत्यर्पण की तैयारी
अधिकारियों के अनुसार, उन्हें पहले ही राज्य में बड़ी मात्रा में विस्फोटक लाए जाने की सूचना मिल चुकी थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध पिकअप वैन को रोका गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। अब चालक के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
क्वारी संचालन में उपयोग की आशंका
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि इन विस्फोटकों को ब्लैक स्टोन खदानों में इस्तेमाल के लिए गुप्त रूप से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
और पढ़ें: गाज़ा में सामान तस्करी के आरोप में 12 लोग, जिनमें इजरायली सैनिक भी शामिल, पर केस दर्ज