बिहार के गया जिले में रविवार को एक खौफनाक घटना सामने आई, जब घर की छत पर रील बना रहे तीन बच्चों के पास अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। घटना गया के वजीरगंज बाजार स्थित भारत माता गली में हुई। तीनों बच्चे बिजली की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
यह घटना जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रखंड उपाध्यक्ष और वजीरगंज बीस सूत्री सदस्य रंजीत कुमार पांडेय के घर पर हुई। बताया गया कि रविवार, 23 अगस्त 2026 को बारिश के दौरान उनके घर की छत पर तीन बच्चे सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे थे।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दो बच्चे रील बनाने में व्यस्त थे, जबकि तीसरा बच्चा मोबाइल से उनकी रिकॉर्डिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली छत पर गिर गई। बिजली गिरते ही तीनों बच्चे घबरा गए और किसी तरह खुद को संभालते हुए वहां से भाग निकले।
और पढ़ें: एक बूंद तेल भी निर्यात नहीं होगा, होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर ईरान ने दी आर्थिक युद्ध की धमकी
वज्रपात के कारण मकान की छत पर स्थापित भगवान हनुमान का ध्वज और स्थापना स्थल क्षतिग्रस्त हो गया। मकान को भी नुकसान पहुंचा है। बिजली गिरने के समय का दृश्य बेहद डरावना था और ऐसा लगा जैसे आसमान से आग का गोला नीचे गिरा हो।
जदयू नेता रंजीत पांडेय ने बताया कि उनके बेटे प्रिंस, प्रतीक कुमार और तेजस बारिश के मौसम में छत पर मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली गिर गई। घटना के बाद तीनों बच्चे काफी घबरा गए।
कुछ दिन पहले बिहार के बांका जिले में भी आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई थी। धान रोपने के दौरान बिजली की चपेट में आने से तीन महिलाओं की मौत हो गई थी।
जिला प्रशासन लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील करता रहा है। बिजली चमकने और तेज बारिश के समय लोगों को खुले स्थान, ऊंची छत और पेड़ों के नीचे जाने से बचना चाहिए।
और पढ़ें: रक्षाबंधन पर योगी सरकार का तोहफा, 27 से 29 अगस्त तक महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा