ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सोमवार को तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 40 वर्षीय नीरज की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद थार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना बिसरख थाना क्षेत्र के इटेरा इलाके में हुई। थार कार नंबर यूपी 14 जीबी 7267 और स्कूटी नंबर यूपी 16 ईई 2569 के बीच टक्कर हुई। चिपियाना निवासी नीरज अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान नीरज ने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
और पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में स्टंट के दौरान कार ने छात्रों को मारी टक्कर, चालक गिरफ्तार
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और थार को कब्जे में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, लेकिन पुलिस जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज करने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
और पढ़ें: ग्रेटर नोएडा से गंगा एक्सप्रेसवे तक 30 मिनट में पहुंचने की योजना