हरियाणा के गुरुग्राम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 29 वर्षीय युवक अपने किराए के फ्लैट में मृत पाया गया। मृतक की पहचान रोहित लाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नागपुर का निवासी था और नई दिल्ली में क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया में कार्यरत था।
रोहित गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित एक पेइंग गेस्ट (PG) आवास में अकेले रहता था। घटना का खुलासा तब हुआ जब उसके एक सहकर्मी, जो रोज उसके साथ ऑफिस जाता था, ने संपर्क करने की कोशिश की लेकिन बार-बार कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा नहीं खुलने पर सहकर्मी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर रोहित लाल बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को कमरे से कई दवाइयों और हेल्थ सप्लीमेंट्स के खाली रैपर मिले, जिससे मौत के कारण को लेकर संदेह गहरा गया है।
और पढ़ें: मुंबई म्यूजिक इवेंट में दर्दनाक हादसा, संदिग्ध नशे से दो छात्रों की मौत, छह गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि रोहित ने उसी दिन अपनी मंगेतर को मिलने के लिए बुलाया था। हालांकि, मुलाकात से पहले ही उसे अचानक गंभीर स्वास्थ्य समस्या हुई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
अधिकारियों को आशंका है कि युवक ने सेक्स बढ़ाने वाली दवा का सेवन किया हो सकता है और संभवतः ओवरडोज के कारण उसे दिल का दौरा पड़ा। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह केवल प्रारंभिक अनुमान है और वास्तविक कारण की पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और विसरा सैंपल के साथ बरामद दवाइयों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
और पढ़ें: दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, CCTV में दिखा संदिग्ध