इंडिगो की गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही उड़ान 6E 6542 रविवार को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरते समय टेल स्ट्राइक की घटना का शिकार हो गई। अधिकारियों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण विमान का रनवे से असामान्य संपर्क हुआ। हालांकि, विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह उड़ान असम के गुवाहाटी स्थित लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई थी। इंडिगो ने बयान जारी कर बताया कि विमान ने दूसरे प्रयास में सुरक्षित लैंडिंग की। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
एयरलाइन के मुताबिक, मानक संचालन प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है। विमान को फिलहाल उड़ान संचालन से हटा दिया गया है और उसकी आवश्यक तकनीकी जांच एवं रखरखाव किया जा रहा है। जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान दोबारा सेवा में शामिल होगा।
और पढ़ें: हवा में धुएं की चेतावनी से मचा हड़कंप, 103 यात्रियों वाली इंडिगो फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट
रिपोर्टों के अनुसार, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने भी घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू की है।
इंडिगो ने कहा कि विमान ने तेज हवाओं के बीच उतरते समय ‘असामान्य रनवे संपर्क’ का अनुभव किया। एयरलाइन के अनुसार, विमान की तकनीकी जांच पूरी होने के बाद आवश्यक मंजूरी ली जाएगी।
श्रीनगर में भी हुई थी ऐसी घटना
इस महीने की शुरुआत में श्रीनगर हवाईअड्डे पर भी इंडिगो की एक उड़ान पार्किंग के दौरान एक पोल से टकरा गई थी। नवी मुंबई से श्रीनगर जा रही उड़ान 6E 225 (वीटी-एनओजी) को बे नंबर-6 पर खड़ा किया जा रहा था, तभी वह विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम के पोल से टकरा गई।
इस घटना में भी सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित रहे थे। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने मामले की जांच के आदेश दिए थे।
और पढ़ें: श्रीनगर एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान पार्किंग पोल से टकराया, जांच के आदेश; सभी यात्री सुरक्षित