इंडिगो एयरलाइंस के एक पायलट द्वारा रात के समय आसमान से रिकॉर्ड किया गया भारत-पाकिस्तान सीमा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में रात के अंधेरे के बीच जगमगाती सीमा रेखा का दुर्लभ और शानदार दृश्य दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए।
यह वीडियो इंडिगो के पायलट प्रदीप कृष्णन ने अपने विमान के कॉकपिट से रिकॉर्ड किया था। वीडियो में हजारों फीट की ऊंचाई से भारत-पाकिस्तान सीमा रोशनी की लंबी लाइन के रूप में दिखाई दे रही है, जो अंधेरे इलाके को दो हिस्सों में बांटती नजर आती है।
वीडियो के साथ साझा किए गए कैप्शन में “कहा जाता है कि रात में अंतरिक्ष से भी भारत-पाकिस्तान सीमा दिखाई देती है। अंधेरे के बीच चमकती रोशनी की यह रेखा अंतरिक्ष से भी नजर आती है।”
और पढ़ें: पंजाब में 105 स्थानीय निकायों के लिए मतदान जारी, 7,555 उम्मीदवार मैदान में
वीडियो में पायलट यात्रियों को इंटरकॉम पर यह घोषणा करते हुए भी सुनाई देते हैं कि वे दुनिया की सबसे संवेदनशील और कड़ी सुरक्षा वाली सीमाओं में से एक भारत-पाकिस्तान सीमा का दृश्य देख सकते हैं।
इस फुटेज में 1947 के विभाजन के दौरान बनाई गई रैडक्लिफ लाइन के कुछ हिस्से दिखाई दे रहे हैं। सीमा पर लगी हाई-इंटेंसिटी फ्लडलाइट्स और भारी सुरक्षा व्यवस्था के कारण यह रेखा रात में बेहद साफ दिखाई देती है।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं। कई यूजर्स ने इसे “अद्भुत”, “भावुक कर देने वाला” और “गर्व महसूस कराने वाला” बताया। कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में यह भी पूछा कि इतनी लंबी सीमा पर लगी लाइटों का बिजली बिल आखिर कौन भरता है।
एक यूजर ने लिखा, “यह दृश्य बेहद खूबसूरत है। वंदे मातरम्, जय हिंद।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “संवेदनशील होने के साथ-साथ यह दृश्य बेहद सुंदर भी है।”
यह वीडियो न केवल तकनीकी और सुरक्षा दृष्टि से चर्चा में है, बल्कि भारत-पाकिस्तान इतिहास और भावनात्मक जुड़ाव को लेकर भी लोगों के बीच बहस का विषय बन गया है।
और पढ़ें: यूपी और बिहार में एसएससी जीडी परीक्षा कई केंद्रों पर रद्द, नई तारीखें जल्द होंगी जारी