नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेताओं और केंद्र सरकार के बीच शनिवार को अहम बातचीत होने जा रही है। यह बैठक नीट पेपर लीक मामले और छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक झड़पों को लेकर आयोजित की गई है।
सरकार और सीजेपी प्रतिनिधियों के बीच होने वाली इस बैठक में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह सरकार की ओर से शामिल होंगे। वहीं, सीजेपी की तरफ से राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास और अशुतोष रांका बातचीत में हिस्सा लेंगे। बैठक दोपहर 3:30 बजे प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में केंद्र सरकार सीजेपी की उस प्रमुख मांग पर अपना जवाब दे सकती है, जिसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई है।
और पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े सीजेपी, अशुतोष रांका ने केंद्र को दी कड़े रुख की चेतावनी
बैठक से पहले दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। शुक्रवार देर रात प्रदर्शन स्थल पर अतिरिक्त बैरिकेड लगाए गए। प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड हटाने या तोड़ने से रोकने के लिए लोहे की जंजीरों से इन्हें मजबूत किया गया है।
इसके अलावा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण वाहन भी जंतर-मंतर के आसपास तैनात किए गए हैं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
प्रदर्शन के चलते दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने सुरक्षा कारणों से राजधानी के 18 मेट्रो स्टेशनों को शनिवार सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रखने की घोषणा की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें।
सीजेपी लंबे समय से नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। संगठन ने साफ किया है कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सरकार और सीजेपी के बीच यह वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब दोनों पक्ष समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं। अब सभी की नजरें इस बैठक के नतीजे पर टिकी हैं।
और पढ़ें: अभिजीत दीपके को टाइफाइड, बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन