असम के विश्व प्रसिद्ध काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और टाइगर रिजर्व में अब एक नया आकर्षण जुड़ गया है। 1,302 वर्ग किलोमीटर में फैला यह उद्यान एक सींग वाले गैंडे का सबसे सुरक्षित आवास माना जाता है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने काजीरंगा के कोहोरा क्षेत्र में “काजीरंगा ऑर्किड पार्क” का उद्घाटन किया।
करीब 20 बीघा यानी लगभग 6.6 एकड़ में फैले इस पार्क में 1,600 से अधिक प्रजातियों के ऑर्किड पौधे लगाए गए हैं। यह केंद्र न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि जैव विविधता संरक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
उद्घाटन के अवसर पर एक दिलचस्प घोषणा भी की गई। सिक्किम के एक ऑर्किड विशेषज्ञ ने काजीरंगा के नाम पर एक संकर (हाइब्रिड) ऑर्किड प्रजाति का नामकरण करने की जानकारी दी। इससे इस विश्व धरोहर स्थल की पहचान और मजबूत होगी।
और पढ़ें: राहुल गांधी ने 2014 में मुझे सीएम बनाने के सोनिया के प्रस्ताव को वीटो कर दिया था: हिमंत बिस्वा सरमा
काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान को एक सींग वाले गैंडे के संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है। यहां हर साल बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटक आते हैं। ऑर्किड पार्क के जुड़ने से पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य और वनस्पति विविधता का नया अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि राज्य सरकार असम में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पार्क स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऑर्किड की इतनी बड़ी विविधता एक ही स्थान पर उपलब्ध होना दुर्लभ है और यह शोध तथा शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
और पढ़ें: गुवाहाटी हाईकोर्ट की अधिकारिता को कमजोर न करें : सुप्रीम कोर्ट ने असम सीएम के खिलाफ याचिकाएं ठुकराईं