महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और खराब स्वच्छता व्यवस्था के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई की पांच प्रमुख बेकरी के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। इनमें प्रसिद्ध बिम्बो ब्रिस्टल बेकरी भी शामिल है, जो करीब 100 साल पुराने पारसी रेस्तरां जिमी बॉय की सहयोगी इकाई है। यह कार्रवाई राज्यभर में चल रहे खाद्य सुरक्षा अभियान का हिस्सा है।
एफडीए की जांच में बेकरी में गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां सामने आईं। विभाग द्वारा जारी एक वीडियो में बिम्बो ब्रिस्टल बेकरी के ब्रेड बनाने वाले ओवन और फ्रीजर के अंदर कॉकरोच घूमते हुए दिखाई दिए। एफडीए के अनुसार, निरीक्षण के दौरान रसोई में कॉकरोच, मक्खियों और अन्य कीड़ों का सक्रिय संक्रमण पाया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि खाद्य पदार्थों के भंडारण के तापमान रिकॉर्ड और उत्पादन उपकरणों से जुड़े जरूरी दस्तावेज सही तरीके से नहीं रखे जा रहे थे। इसके अलावा, बेकरी में पेंटिंग का काम चलने के दौरान ही खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। भोजन के संपर्क में आने वाली सतहों और उपकरणों की पर्याप्त सफाई और सैनिटाइजेशन भी नहीं किया गया था।
और पढ़ें: जंतर-मंतर पर फिर भड़की हिंसा, दिल्ली पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले; धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जश्न
एफडीए ने यह भी आरोप लगाया कि खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों के अनिवार्य मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड अधूरे थे, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है।
जिन अन्य बेकरी के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, उनमें अनमोल बेकरी एंड स्टोर्स (कोलडोंगरी, अंधेरी पूर्व), न्यू महाराष्ट्र बेकरी एंड स्टोर्स (वाशी नाका, चेंबूर), सबा बेकरी एंड स्टोर्स (आरे रोड, गोरेगांव) और उन्नति बेकरी (लक्ष्मण तावड़े रोड, दहिसर) शामिल हैं।
इसके अलावा चार अन्य बेकरी को बिना वैध लाइसेंस के कारोबार करने पर तुरंत व्यवसाय बंद करने के नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें बेंगलुरु अयंगर बेकरी, गोल्डन बेकरी, मिर्जा एंड संस बेकरी और बिग बाइट बेकरी शामिल हैं।
महाराष्ट्र एफडीए ने बताया कि राज्यभर में चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान 16 होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, 16 से 21 जुलाई के बीच 103 प्रतिष्ठानों की जांच की गई और इस दौरान 1,731 लीटर दूध तथा 896 किलोग्राम दूध उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 1.44 लाख रुपये बताई गई है।
और पढ़ें: आईपीएल और विदेशी परिस्थितियों में बड़ा अंतर, जिम्बाब्वे दौरे पर बोले रविचंद्रन अश्विन