महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मानसून के बीच एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है। यहां चोरों ने नकदी, मोबाइल या महंगे सामान के बजाय दुकानों से छाते चोरी करना शुरू कर दिया है। चारकोप इलाके में लगातार हो रही छाता चोरी की घटनाओं से दुकानदार परेशान हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पिछले कुछ दिनों से मुंबई में भारी बारिश हो रही है, ऐसे में चारकोप क्षेत्र के कई दुकानदारों ने छाते चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। शुरुआत में एक दुकानदार पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचा था, लेकिन मामला असामान्य लगने के कारण उस समय कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। हालांकि, बाद में इसी तरह की दूसरी घटना सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
16 जुलाई को हुई एक और चोरी के बाद एम्पल कलेक्शन नामक दुकान के मालिक ने चारकोप पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
और पढ़ें: मुंबई लोकल ट्रेन में मामूली विवाद बना जानलेवा, 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या
एफआईआर के अनुसार, अज्ञात चोरों ने एम्पल कलेक्शन दुकान से सन कंपनी के 50 छाते चोरी कर लिए। चोरी हुए छातों की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा सनी गिफ्ट सेंटर के मालिक ने भी इसी तरह की चोरी की शिकायत पुलिस को दी है।
पुलिस अब कई दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। अब तक कम से कम तीन अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनमें कुछ संदिग्ध लोग दुकानों से छाते ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज आरोपियों तक पहुंचने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या सभी चोरी की घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है।
महाराष्ट्र में इससे पहले भी चोरी के कुछ अनोखे मामले सामने आ चुके हैं। वाशिम जिले में एक चोर ने साईं मंदिर में चोरी करने से पहले पूजा की थी। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हुई थी, जिसके बाद मामला काफी चर्चा में आया था।
और पढ़ें: दिल्ली के कालकाजी में 19 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या, झगड़े के बाद वारदात; दो आरोपी हिरासत में