बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ छापेमारी के दौरान उस समय हंगामा मच गया जब एक महिला आरोपी ने उत्पाद विभाग की टीम के साथ हाथापाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि भीखनपुर वार्ड संख्या-7 में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान आरोपी महिला पूजा कुमारी को हिरासत में लेने की कोशिश की गई, तो उसने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी की।
और पढ़ें: कोचिंग सेंटर विवाद में बड़ा आरोप: रौशन आनंद ने कहा– फैज़ल खान मुझे भी मरवा सकता है, CBI जांच की मांग
जांच में सामने आया है कि पूजा कुमारी अपने पति रितेश कुमार के साथ मिलकर अवैध शराब का कारोबार चलाती थी। बताया गया कि रितेश कुमार शराब की सप्लाई लाने का काम करता था, जबकि पूजा कुमारी इलाके में उसकी बिक्री और नेटवर्क संभालती थी। छापेमारी के दौरान रितेश कुमार मौके से फरार हो गया।
उत्पाद निरीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए घर के पास से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। जांच के बाद पूजा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान जब टीम जब्ती सूची तैयार कर रही थी, तभी महिला ने उत्पाद विभाग के कर्मियों से हाथापाई शुरू कर दी। हालांकि बाद में उसे काबू में कर लिया गया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फिलहाल फरार आरोपी रितेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
और पढ़ें: मुजफ्फरपुर में किराना व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, दुकान में घुसकर अपराधियों ने बरसाईं गोलियां