महाराष्ट्र के पुणे जिले में दही हांडी उत्सव के बाद टेंट और लोहे का ढांचा हटाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जुनी सांगवी इलाके में टेंट का भारी लोहे का ढांचा अचानक पास खड़ी एक महिला के ऊपर गिर गया। हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सलमा सलाउद्दीन पठान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दही हांडी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आयोजक और मंडल के कार्यकर्ता टेंट समेटने तथा लोहे का ढांचा हटाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे भारी ढांचे का एक हिस्सा अचानक खिसक गया और नीचे जा गिरा। उस समय सलमा पठान मौके पर मौजूद थीं और कार्यक्रम देखने के बाद वहीं खड़ी थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, लोहे का भारी हिस्सा सीधे सलमा के सिर पर जा गिरा। गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
और पढ़ें: पुणे में गड्ढे ने छीनी 11 साल के मासूम की जान, पिता और बहन के सामने हुआ दर्दनाक हादसा
इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि सलमा पठान का बेटा उसी दही हांडी मंडल से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ है। बेटे के मंडल में कार्यकर्ता होने के कारण परिवार ने फिलहाल पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है।
हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास किया है। पुलिस ने परिवार से सहयोग करने का अनुरोध भी किया है और घटना की जांच जारी है।
इस हादसे ने सार्वजनिक आयोजनों के दौरान लगाए जाने वाले अस्थायी लोहे के ढांचों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों में ढांचे हटाने के दौरान सुरक्षा घेरा बनाया जाना चाहिए, ताकि किसी आम नागरिक को नुकसान न पहुंचे।
इससे पहले महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में भी दही हांडी कार्यक्रम के दौरान एक नन्हा गोविंदा ऊंचाई से गिर गया था। बताया गया था कि उसकी सुरक्षा बेल्ट टूट गई थी। हादसे के बाद बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
और पढ़ें: महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा: बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी खाई में गिरे, मां ने भी छलांग लगाई, तीनों की मौत