राजस्थान के धौलपुर से उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए निकला एक परिवार मंगलवार सुबह मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सारंगपुर के पास एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। कार में सवार दो बच्चे सुरक्षित बच गए।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान धौलपुर निवासी सोमा बाई (65), उनके बेटे अंकुर त्रिवेदी (42) और बहू अर्चना त्रिवेदी (40) के रूप में हुई है। घायलों में निहाल तिवारी और कार चालक अब्दुल हबीब शामिल हैं। निहाल के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि चालक के हाथ में चोट आई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया।
बताया गया कि हादसे के समय कार में अंकुर और अर्चना के दो बच्चे तेजस और अंश भी मौजूद थे। दोनों पीछे की सीट पर बैठे थे और दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
और पढ़ें: टोंक में एटीएस की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद से कनेक्शन के शक में दो संदिग्ध हिरासत में
पुलिस के मुताबिक, परिवार के छह सदस्य सावन के अवसर पर उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए धौलपुर से निकले थे। सारंगपुर-मऊ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर शिमला होटल के सामने चालक आगे चल रही एक कार को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर में जा घुसी।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले भी राजगढ़ में बड़ा हादसा हुआ था। सारंगपुर ब्लॉक के पड़ाना कस्बे के पास एक ईको वैन बाढ़ के पानी में बह गई थी, जिसमें अब तक नौ लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
और पढ़ें: दिया कुमारी ने एफआईसीसीआई एफएलओ प्रदर्शनी का किया उद्घाटन, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील