जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के डाउनटाउन इलाके में पुलिस ने ड्रग्स और हथियारों के एक बड़े अंतर-राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 2,19,425 प्रतिबंधित दवा की गोलियां और कैप्सूल, 3.830 किलोग्राम कोडीन युक्त लिक्विड, करीब 40 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ, 85.75 लाख रुपये नकद और लगभग एक किलोग्राम सोना बरामद किया गया है।
श्रीनगर के एसएसपी जी.वी. संदीप चक्रवर्ती के अनुसार, पुलिस ने कई सुरागों के आधार पर नेटवर्क की जांच शुरू की। जांच की शुरुआत मोहम्मद वसीम जरगर से हुई और उसके संपर्कों के जरिए पुलिस अन्य आरोपियों तक पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की अलग-अलग भूमिकाएं थीं और उनके बीच आपसी संपर्क तथा बैंकिंग लिंक भी सामने आए हैं।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान .32 बोर की पिस्तौल, दो खाली मैगजीन और एक खंजर भी बरामद किया है। इसके अलावा दो वाहनों को जब्त किया गया। आरोपियों के कब्जे और लॉकरों से 108 सोने के सिक्के, सोने के बिस्कुट, आभूषण और अन्य कीमती सामान बरामद हुए। दो रोलेक्स घड़ियां, डायर का बैग, लेंस वाला डीएसएलआर कैमरा और आईफोन 16 प्रो मैक्स भी जब्त किया गया।
और पढ़ें: मेरठ सौरभ हत्याकांड: दोषी मुस्कान और साहिल की जेल में काउंसलिंग, 14 अक्टूबर को सुनाई जाएगी सजा
जांच के दौरान अलग-अलग बैंक खातों में मौजूद करीब 1.07 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए हैं। पाटलीपोरा छत्ताबल स्थित मोहम्मद वसीम जरगर का एक रिहायशी मकान भी जब्त किया गया है।
मामले में सफाकदल थाने में एफआईआर संख्या 135/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस फार्मा कंपनियों और ट्रांसपोर्ट एजेंसियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, नेटवर्क के अन्य कनेक्शन सामने आने पर आगे गिरफ्तारियां और बरामदगी हो सकती हैं।
और पढ़ें: ज्ञानेश कुमार को लेकर सियासी घमासान तेज, एसआईआर पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई; अधीर रंजन ने ममता को कांग्रेस में लौटने का न्योता दिया