मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की मेयर पद की दौड़ में भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता ऋतु तावड़े का नाम लगभग तय माना जा रहा है। महायुति गठबंधन ने उन्हें मुंबई का मेयर उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं शिवसेना नेता संजय शंकर घाडी को डिप्टी मेयर पद का उम्मीदवार बनाया गया है। बीएमसी मुख्यालय में 11 फरवरी को मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होना है और 227 सदस्यीय सदन में महायुति के स्पष्ट बहुमत के कारण तावड़े और घाडी का निर्विरोध चुनाव लगभग तय माना जा रहा है।
ऋतु तावड़े मुंबई की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रही हैं। वह तीन बार की कॉरपोरेटर हैं और वर्तमान में वार्ड नंबर 132 का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने पहली बार 2012 में वार्ड 127 से बीएमसी चुनाव जीता था। इसके बाद 2017 में उन्होंने वार्ड 121 से जीत दर्ज की। हाल ही में 15 जनवरी 2026 को हुए बीएमसी चुनाव में वह वार्ड 132 से विजयी हुईं। इससे पहले वह बीएमसी शिक्षा समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार ऋतु तावड़े जमीनी स्तर पर बेहद सक्रिय मानी जाती हैं और स्थानीय मुद्दों को लेकर लोगों के बीच उनकी मजबूत पकड़ है। खास बात यह है कि उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी और 2012 में भाजपा में शामिल हुईं। उनके मेयर बनने के साथ ही लगभग 40 साल बाद मुंबई में भाजपा का अपना मेयर होगा, जो पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि मानी जा रही है।
और पढ़ें: बीएमसी मेयर पद के लिए महायुति की उम्मीदवार बनीं रितु तावड़े, आज भरेंगी नामांकन
बीएमसी में बहुमत की बात करें तो भाजपा-शिवसेना गठबंधन के पास 118 सीटें हैं, जो बहुमत के आंकड़े 114 से चार ज्यादा हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के तीन पार्षदों का समर्थन मिलने पर महायुति की संख्या 121 हो जाती है। वहीं उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) 65 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि कांग्रेस के पास 24 सीटें हैं। एमएनएस के पास छह और एनसीपी (एसपी) के पास एक सीट है।
और पढ़ें: बीएमसी मेयर चुनाव 2026: बीजेपी कल घोषित करेगी मेयर उम्मीदवार