महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकंकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनका यह फैसला नासिक के स्वयंभू ज्योतिषी अशोक खरात के साथ संबंधों को लेकर उठे विवाद के बीच आया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कहने पर चाकंकर ने यह कदम उठाया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से मुलाकात के बाद इस्तीफा सौंपा। अपने पत्र में उन्होंने इसे “व्यक्तिगत कारणों” से लिया गया निर्णय बताया।
चाकंकर उस समय विवादों में घिर गईं जब उनकी तस्वीरें आरोपी खरात के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके बाद विपक्षी दलों ने उनके इस्तीफे की मांग तेज कर दी। पुणे में भी विरोध प्रदर्शन हुआ, जिसमें खरात के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
और पढ़ें: यूएस टैरिफ से समुद्री उत्पाद निर्यात प्रभावित; महाराष्ट्र सरकार राहत और घरेलू बाजार पर देगी जोर
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने आरोप लगाया कि महिला आयोग प्रमुख का काम पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाना है, लेकिन वे एक आरोपी व्यक्ति के साथ नजर आईं। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने भी चाकंकर पर खरात का समर्थन करने का आरोप लगाया।
हालांकि, चाकंकर ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए पुलिस जांच पर भरोसा जताया।
दूसरी ओर, अशोक खरात को एक 35 वर्षीय महिला की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। महिला ने आरोप लगाया कि नवंबर 2022 से दिसंबर 2025 के बीच उसे नशीला पदार्थ देकर कई बार दुष्कर्म किया गया। पुलिस के अनुसार, उसने कई अन्य महिलाओं का भी इसी तरह शोषण किया।
फिलहाल, खरात को 24 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
और पढ़ें: महाराष्ट्र सरकार बनाएगी आईटी ट्रिब्यूनल, आईटी कर्मचारियों की शिकायतों का होगा निपटारा: शंकर जगताप