टाटा मोटर्स ने भारतीय बाजार में अपनी नई टाटा सिएरा ईवी को 18.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च कर दिया है। यह इलेक्ट्रिक एसयूवी कंपनी के नए एक्टि.ईवी+ (Acti.ev+) प्लेटफॉर्म पर आधारित है और इसका मुकाबला महिंद्रा बीई 6, हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक, एमजी जेडएस ईवी, मारुति सुजुकी ई-विटारा और विनफास्ट वीएफ6 जैसी इलेक्ट्रिक एसयूवी से होगा।
नई सिएरा ईवी में 63kWh और 75kWh बैटरी पैक का विकल्प दिया गया है। 75kWh बैटरी के साथ यह कार एमआईडीसी प्रमाणित 665 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करती है, जबकि 63kWh बैटरी मॉडल 565 किलोमीटर तक चल सकता है। रियर-व्हील ड्राइव के अलावा इसमें डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) विकल्प भी उपलब्ध है, जो 504Nm का टॉर्क उत्पन्न करता है। कंपनी के अनुसार बूस्ट मोड में यह एसयूवी केवल 5.8 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।
चार्जिंग के मामले में भी सिएरा ईवी काफी तेज है। 120kW डीसी फास्ट चार्जर से केवल 15 मिनट में 263 किलोमीटर तक की रेंज मिल सकती है, जबकि 20 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में लगभग 26 मिनट का समय लगता है। कंपनी बैटरी पर 15 साल की वारंटी भी दे रही है।
और पढ़ें: चलती कार में युवती से कथित यौन उत्पीड़न, दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के लिए AWD वेरिएंट में छह टेरेन मोड, लो-स्पीड क्रूज़ कंट्रोल, 540-डिग्री कैमरा और बेहतर ट्रैक्शन मैनेजमेंट जैसे फीचर दिए गए हैं। इसके अलावा ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड, 12-स्पीकर जेबीएल ऑडियो सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीटें, लेवल-2 ADAS, ऑटो पार्क असिस्ट, डिजिटल की, V2L और V2V चार्जिंग, छह एयरबैग तथा 622 लीटर का बूट स्पेस जैसी आधुनिक सुविधाएं भी शामिल हैं।
कंपनी की इलेक्ट्रिक लाइनअप में यह मॉडल कर्व ईवी और हैरियर ईवी के बीच रखा गया है। लंबी रेंज, प्रीमियम फीचर्स और प्रतिस्पर्धी कीमत के कारण टाटा सिएरा ईवी भारतीय इलेक्ट्रिक एसयूवी बाजार में एक मजबूत विकल्प बनकर उभरी है।
और पढ़ें: PPF, NSC समेत लघु बचत योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं, लगातार नौवीं तिमाही तक दरें स्थिर