थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी प्रांत मुकदहान में एक भीषण सड़क हादसे में आठ बौद्ध भिक्षुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब 11 वर्षीय एक बच्चा पिकअप ट्रक चला रहा था और उसने सड़क पर पैदल चल रहे भिक्षुओं के एक समूह को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, करीब 35 भिक्षुओं का एक समूह बैंकॉक से लगभग 600 किलोमीटर दूर स्थित उबोन रत्चथानी प्रांत की ओर 260 किलोमीटर की धार्मिक पदयात्रा पर निकला था। सभी भिक्षु सड़क किनारे कतार में पैदल चल रहे थे और लगभग आधे घंटे से यात्रा जारी थी, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, पांच भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में 14 अन्य भिक्षु घायल हुए हैं, जिनमें से चार की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
और पढ़ें: भारत के श्रीलंका टेस्ट दौरे का कार्यक्रम घोषित, टी20 सीरीज का कोई जिक्र नहीं
पुलिस ने बताया कि वाहन चला रहा 11 वर्षीय बच्चा हिरासत में है और चाइल्ड प्रोटेक्शन अधिकारियों की मौजूदगी में उससे पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दुर्घटना से पहले वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर टेढ़ा-मेढ़ा चल रहा था। भिक्षुओं ने भी बताया कि टक्कर से पहले वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा।
स्थानीय रेस्क्यू टीम द्वारा जारी सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि भिक्षु सड़क किनारे एक कतार में शांतिपूर्वक चल रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार वाहन उन्हें टक्कर मार देता है।
यह हादसा पूरे थाईलैंड में शोक और आक्रोश का कारण बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतनी कम उम्र का बच्चा वाहन कैसे चला रहा था और सुरक्षा नियमों की अनदेखी कैसे हुई।
गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में सोंगखला प्रांत के एक स्कूल में 17 वर्षीय छात्र ने गोलीबारी कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी और दो अन्य को घायल कर दिया था, जिससे देश पहले ही सदमे में था।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
और पढ़ें: बोकारो में पुलिस के सामने युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, आरोपी आरक्षी का बेटा निकला; एसपी ने किया निलंबन