अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव पर टिप्पणी करते हुए भारत और ब्राजील के चुनाव को लेकर गलती कर दी। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पर दावा किया कि भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया और उसी दिन परिणाम भी घोषित हो गए।
ट्रंप ने लिखा, “आज भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया। मतदान समाप्त होने के कुछ ही समय बाद उसी दिन परिणाम सामने आ गए।” हालांकि, उनकी पोस्ट का संदर्भ ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ा था। भारत में राष्ट्रपति का चुनाव सीधे जनता के मतदान से नहीं होता।
ट्रंप ने इसके बाद अमेरिका की चुनाव प्रक्रिया की तुलना की और डेट्रॉयट, फिलाडेल्फिया तथा कैलिफोर्निया का उल्लेख करते हुए दावा किया कि कम संख्या में मतदान होने के बावजूद वहां परिणाम घोषित करने में कई सप्ताह लग सकते हैं। उन्होंने अमेरिकी चुनाव व्यवस्था को “भ्रष्ट” बताया और मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
और पढ़ें: आसान रास्ता या मुश्किल रास्ता, ईरान पर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- तेहरान तबाह हो चुका है
बाद में ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट को संशोधित किया और उसमें भारत की जगह ब्राजील का नाम कर दिया। हालांकि, अमेरिका की चुनाव प्रक्रिया को लेकर उनकी आलोचना पहले जैसी ही रही। संशोधित पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया और परिणाम मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन सामने आ गए।
भारत में राष्ट्रपति का चुनाव सीधे नहीं होता
भारत में राष्ट्रपति का चुनाव प्रत्यक्ष जनमत से नहीं होता। राष्ट्रपति का चुनाव निर्वाचन मंडल करता है, जिसमें संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित सदस्य और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं। चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत एकल संक्रमणीय मत से होता है।
भारत में मतदाता सीधे लोकसभा और विधानसभा सदस्यों का चुनाव करते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में देश में करीब 98 करोड़ पंजीकृत मतदाता थे।
पहले भी भारतीय चुनावों का दिया था उदाहरण
इससे पहले अगस्त में ट्रंप ने अमेरिकी चुनाव सुधारों की वकालत करते हुए भारत की मतदाता पहचान प्रणाली का उदाहरण दिया था। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बयान का भी उल्लेख किया था।
और पढ़ें: टेक्सास के बिग बेंड क्षेत्र में ट्रंप प्रशासन की सीमा दीवार परियोजना पर अदालत ने लगाई अस्थायी रोक