पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए रविवार, 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन रहा। इस दौरान राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की उम्मीदवार वीणा मानवी की गिरफ्तारी को लेकर हुई। वीणा मानवी जैसे ही समाहरणालय परिसर से नामांकन दाखिल कर बाहर निकलीं, पुलिस ने उन्हें एक पुराने धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद मौके पर मौजूद उनके समर्थकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच वीणा मानवी को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई उनके खिलाफ पहले से दर्ज एक मामले के आधार पर की गई है।
इस घटनाक्रम पर जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार के खिलाफ नामांकन वाले दिन की गई कार्रवाई पर गंभीर आपत्ति है। उनके अनुसार, यदि किसी राजनीतिक उद्देश्य से झूठे मामले में फंसाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक है।
और पढ़ें: ग्रेटर नोएडा डीएम कार्यालय को ईमेल से बम की धमकी, पुलिस का सघन सर्च ऑपरेशन जारी
तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनकी पार्टी वीणा मानवी के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि बांकीपुर की जनता सत्य और न्याय के साथ खड़ी है तथा अंततः सच्चाई की ही जीत होगी।
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव के नेतृत्व वाली जनशक्ति जनता दल ने सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है। हाल ही में तेज प्रताप यादव ने उन्हें पार्टी का चुनाव चिह्न सौंपते हुए उम्मीदवार घोषित किया था। इसके बाद वीणा मानवी ने सोशल मीडिया पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा था कि वह पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगी और बांकीपुर की जनता की आवाज बनकर उनके मुद्दों को मजबूती से उठाएंगी।
और पढ़ें: राम मंदिर दान चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, ट्रस्ट से जवाब तलब; एसआईटी से मांगी जांच रिपोर्ट