पारसी नववर्ष नवरोज के अवसर पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पारसी समुदाय सहित देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने इस पावन अवसर पर देश में शांति, समृद्धि, खुशहाली और भाईचारे की कामना की।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने संदेश जारी करते हुए पारसी समुदाय के सभी लोगों को नवरोज की बधाई दी। उन्होंने प्रार्थना की कि नया वर्ष प्रत्येक परिवार के लिए शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए। साथ ही, यह वर्ष देश में एकता, सद्भाव और भाईचारे के बंधन को और मजबूत करने की प्रेरणा दे।
उन्होंने कहा कि आस्था, करुणा और सेवा जैसे पारसी समुदाय के शाश्वत मूल्य भारत की साझा विरासत को लगातार समृद्ध करते रहें। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये मूल्य देशवासियों को उज्ज्वल और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
और पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में चिनाब नदी में गिरी हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो, पांच लोगों की मौत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पारसी नववर्ष नवरोज के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पारसी समुदाय ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर राष्ट्र को अनगिनत तरीकों से समृद्ध किया है।
प्रधानमंत्री ने पारसी समुदाय की उपलब्धियों और देश के विकास में उसकी भूमिका की सराहना करते हुए कामना की कि आने वाला वर्ष सभी के जीवन में शांति, आनंद, समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य लेकर आए।
नवरोज पारसी समुदाय के लिए नए वर्ष की शुरुआत का प्रतीक है। इस अवसर पर समुदाय के लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
और पढ़ें: भारत को स्वतंत्रता दिवस पर विश्व नेताओं की शुभकामनाएं