चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शनिवार, 12 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित ब्रिक्स गाला डिनर में हिस्सा नहीं लिया। वह शनिवार दोपहर दिल्ली पहुंचे थे और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के साथ प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की।
रिपोर्ट के अनुसार शी चिनफिंग गाला डिनर में शामिल नहीं हुए। उनके अनुपस्थित रहने की तत्काल कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई। हालांकि, एक सूत्र ने संकेत दिया कि सम्मेलन की व्यस्तताओं के बाद शी अपने होटल लौटकर आराम करने चले गए थे।
डिनर में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो और विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस समेत कई प्रमुख नेता और अतिथि शामिल हुए। अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी डिनर में मौजूद नहीं थे, क्योंकि वह दिन में शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद स्वदेश रवाना हो गए थे।
और पढ़ें: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग दिल्ली से रवाना
गाला डिनर के दौरान विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘नवरस- द यूनिवर्स ऑफ शेयर्ड इमोशंस’ प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा ‘ब्रिक्स सिम्फनी- वन रिदम, मेनी कल्चर्स’ में सदस्य और साझेदार देशों के कलाकारों ने संयुक्त प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का उद्देश्य ब्रिक्स देशों की सांस्कृतिक विविधता और एकजुटता को प्रदर्शित करना था।
डिनर के मेन्यू में खांडवी मिलेफ्यूई, खुम्ब गलौटी, पनीर लबाबदार, गुच्ची मार्मिक, गाजर-बीन्स पोरियल और मिलेट पुलाव जैसे व्यंजन शामिल थे। मिठाई में पुरानी दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी और शहतूत फिरनी परोसी गई।
मलेशियाई पीएम ने किशोर कुमार का गाना गाया
इस बीच, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने नई दिल्ली में एक होटल में किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गाकर भारत यात्रा में बॉलीवुड का रंग भर दिया। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। यह गीत 1965 की फिल्म ‘तीन देवियां’ का है और इसे किशोर कुमार ने गाया था।
भारत 12-13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसमें 11 सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों के नेता शामिल हुए हैं।
और पढ़ें: भारत-चीन संबंधों में नई गर्मजोशी, पीएम मोदी और शी जिनपिंग ने की अहम बातचीत