भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उम्र संबंधी फर्जीवाड़े के मामले में भारत की अंडर-19 टीम के लेग स्पिनर रोहित यादव पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया है। रोहित हाल ही में जुलाई में श्रीलंका दौरे पर गई भारत अंडर-19 टीम का हिस्सा थे।
उम्र में विसंगति का मामला बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) की ओर से खिलाड़ियों के लिए चलाए गए प्री-सीजन दस्तावेज सत्यापन अभियान के दौरान सामने आया। रोहित बंगाल की घरेलू क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। सीएबी के अनुसार, उनके दस्तावेजों में उम्र को लेकर 27 महीने की विसंगति पाई गई है।
रोहित पर लगाया गया प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। इस संबंध में बीसीसीआई से संबद्ध सभी राज्य क्रिकेट संघों को भी सूचित कर दिया गया है। इसके चलते रोहित को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत अंडर-19 के आगामी मुकाबलों के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सितंबर के अंत में पांच वनडे और तीन बहुदिवसीय मैच प्रस्तावित हैं।
और पढ़ें: 2027 वनडे विश्व कप के लिए बीसीसीआई ने बनाया टीम इंडिया का रोडमैप, साउथ अफ्रीका दौरों की भी तैयारियां
सीएबी ने इसी तरह की उम्र संबंधी विसंगतियों के चलते 64 अन्य खिलाड़ियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। इनमें पूर्व भारत अंडर-19 तेज गेंदबाज रवि कुमार का नाम भी शामिल है। रवि 2022 में विश्व कप जीतने वाली भारत अंडर-19 टीम का हिस्सा थे और उसी साल बंगाल की सीनियर टीम के लिए पदार्पण किया था।
रवि कुमार की उम्र में कथित विसंगति 40 महीने तक बताई गई है। प्रतिबंध के तहत उनके पदार्पण से लेकर 2025-26 सत्र तक के सभी रिकॉर्ड अमान्य करार दिए गए हैं।
बीसीसीआई पिछले कई वर्षों से उम्र फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के प्रयास कर रहा है। वर्ष 2020 में बोर्ड ने खिलाड़ियों को अपनी उम्र संबंधी विसंगतियां स्वयं घोषित करने के लिए माफी योजना भी शुरू की थी। वहीं, अब अंडर-19 खिलाड़ियों को उम्र सत्यापन प्रक्रिया के तहत जन्म प्रमाणपत्र और अधिकतम संभव शैक्षणिक दस्तावेज जमा करने होते हैं।
और पढ़ें: BCCI ने रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलों को खारिज किया, देवजीत सैकिया बोले- अफवाहों को हवा न दें