श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर दासुन शनाका ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) के इतिहास में सबसे तेज शतक जड़कर नया रिकॉर्ड बना दिया। उनकी तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने सेंट लूसिया किंग्स को 137 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट किट्स की टीम एक समय 10वें ओवर में 89 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद शनाका ने मोर्चा संभाला और महज 43 गेंदों पर नाबाद 121 रन ठोक दिए। उन्होंने केवल 39 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो सीपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक है।
शनाका ने क्रीज पर आते ही रोस्टन चेज के खिलाफ लगातार दो छक्के लगाए और इसके बाद कीऑन गैस्टन तथा मैथ्यू फोर्ड पर भी जमकर प्रहार किया। उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
और पढ़ें: मंत्रालय में अब सिर्फ घड़ियां नहीं! महाराष्ट्र सरकार लगाएगी खगोलीय समय प्रदर्शन मशीनें
पारी के 18वें ओवर में शनाका और वानिंदु हसरंगा ने महेश थीक्षाना के खिलाफ 20 रन बटोरे। अगले ओवर में दोनों ने फोर्ड के खिलाफ 18 रन बनाए। आखिरी ओवर में शनाका ने गैस्टन की गेंदों पर 28 रन ठोक दिए, जिसमें चार छक्के और एक चौका शामिल था। इसी विस्फोटक ओवर की मदद से वह रिकॉर्ड समय में शतक तक पहुंचे।
शनाका और हसरंगा के बीच सिर्फ 31 गेंदों में 93 रन की साझेदारी हुई। हसरंगा ने इसमें छह गेंदों पर केवल नौ रन बनाए।
सेंट किट्स ने निर्धारित ओवरों में 235 रन बनाए, जिसके जवाब में सेंट लूसिया किंग्स की टीम 98 रन पर सिमट गई।
इस जीत से सेंट किट्स की प्लेऑफ की उम्मीदें मजबूत हुई हैं। टीम पांचवें स्थान पर बनी हुई है, लेकिन उसका नेट रन रेट -0.547 से बढ़कर 0.593 हो गया। सेंट लूसिया का नेट रन रेट गिरकर -0.888 हो गया। उसकी ओर से टिम सीफर्ट ने 50 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और आठ खिलाड़ी दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सके।
और पढ़ें: अदानी समूह का राज्यों में बढ़ता विस्तार, 5 लाख करोड़ रुपये की निवेश पाइपलाइन