एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट फाइनल में भारत और श्रीलंका के बीच रोमांचक मुकाबला जारी है। निस्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले में श्रीलंका ने चार विकेट गंवा दिए हैं और भारत स्वर्ण पदक जीतने की स्थिति में पहुंचता नजर आ रहा है।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने क्वार्टर फाइनल में जापान और सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई। बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने शानदार शतक जड़ा था। वहीं, स्मृति मंधाना ने भी टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
भारतीय गेंदबाजी में नंदनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए हैं। टीम की कोशिश फाइनल में श्रीलंका को रोककर एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम करने की है।
और पढ़ें: एशियन गेम्स क्रिकेट फाइनल: स्मृति मंधाना का अर्धशतक, शेफाली वर्मा 48 रन पर आउट
दूसरी ओर, श्रीलंकाई टीम ने भी फाइनल तक पहुंचने के लिए मजबूत प्रदर्शन किया है। कप्तान चमारी अटापट्टू ने टीम को खिताबी मुकाबले तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। श्रीलंका ने क्वार्टर फाइनल में मलेशिया को हराया था, जबकि सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 177 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया।
श्रीलंका भारत के लिए चुनौती पेश कर सकता है। 2024 के एशिया कप फाइनल में श्रीलंका ने भारत को हराकर खिताब जीता था। ऐसे में फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
भारत महिला टीम: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, गुणालन कमलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव।
श्रीलंका महिला टीम: इमेशा दुलानी, चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसीनी परेरा, हरशिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मिथाली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुडी प्रभोदा, सुगंधिका कुमारी, राश्मिका सेव्वांडी, निमाशा मीपेज, संजना कविंदी, अनुष्का संजीवनी।
और पढ़ें: एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष हॉकी टीम की धमाकेदार शुरुआत, इंडोनेशिया को 13-1 से हराया