न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने भारतीय टीम के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए अपनी टीम घोषित कर दी है। भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। वनडे सीरीज में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
न्यूजीलैंड ने पहले तीन वनडे मुकाबलों के लिए अलग टीम चुनी है, जबकि अंतिम दो मैचों के लिए टीम में कुछ बदलाव किए गए हैं। मिचेल सैंटनर पांच मैचों की वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड की कप्तानी करेंगे। टीम में रचिन रवींद्र की भी वापसी हुई है, जो कंधे की चोट से उबर चुके हैं।
इसके अलावा फिन एलन, लॉकी फर्ग्यूसन और टिम सीफर्ट को भी वनडे टीम में शामिल किया गया है। फिन एलन और लॉकी फर्ग्यूसन ने अपना पिछला वनडे मुकाबला वर्ष 2023 में खेला था। न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है, जो हाल के समय में अच्छी फॉर्म में दिखाई दे रहा है।
और पढ़ें: भारत के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को झटका, मार्क चैपमैन और जैक फॉल्क्स चोट के कारण बाहर
हालांकि, चोटों के कारण जैक फाउल्क्स (कूल्हे की मांसपेशी), विल ओ'रूर्क (पिंडली) और बेन सीयर्स (टखने) इस सीरीज में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
कोच रॉब वाल्टर ने क्या कहा?
टीम की घोषणा के बाद न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि आगामी वनडे विश्व कप को देखते हुए ये मुकाबले टीम की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि अंतिम दो वनडे मैचों के लिए सात खिलाड़ियों को शामिल करने से टीम की गहराई और विश्वस्तरीय प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ उनके प्रदर्शन को परखने का अवसर मिलेगा।
वाल्टर ने यह भी कहा कि भारत के खिलाफ टेस्ट चैंपियनशिप के अंक महत्वपूर्ण हैं। इसलिए कुछ खिलाड़ियों को 19 नवंबर को बेसिन रिजर्व में होने वाले पहले टेस्ट से पहले अतिरिक्त तैयारी का समय दिया जाएगा।
पहले तीन वनडे के लिए टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, विल यंग और ब्लेयर टिकनर।
अंतिम दो वनडे के लिए टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, लॉकी फर्ग्यूसन, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर और विल यंग।
और पढ़ें: न्यूजीलैंड ने बीजे वॉटलिंग को बनाया टेस्ट टीम का नया बल्लेबाजी कोच