पंजाब के पटियाला जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भारतीय सेना के एक जवान पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, सेना के जवान हैप्पी सिंह ने कथित तौर पर अपनी पत्नी रमनदीप कौर को कार समेत भाखड़ा नहर में गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 23 जून को पटियाला-संगरूर रोड स्थित पसियाना पुल के पास हुई। आरोप है कि हैप्पी सिंह अपनी पत्नी रमनदीप कौर को कार में बैठाकर वहां ले गया और जानबूझकर वाहन को भाखड़ा नहर में गिरा दिया। नहर में गिरने के बाद कार तेज बहाव में बह गई। हैप्पी सिंह तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन 30 वर्षीय रमनदीप कौर कार के अंदर फंस गई और डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। लंबे अभियान के बाद कार को नहर से बाहर निकाला गया और रमनदीप कौर का शव बरामद किया गया।
और पढ़ें: यूपी भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल, पूजा पाल और राजनाथ सिंह के बेटे को मिली अहम जिम्मेदारी
प्रारंभ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि यह एक सड़क दुर्घटना थी और कार अचानक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई थी। उसने दावा किया कि वह किसी तरह बाहर निकल आया, जबकि उसकी पत्नी कार में फंस गई। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को उसकी कहानी पर संदेह हुआ।
पुलिस का मानना है कि आरोपी ने घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने वर्ष 2024 में अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि हैप्पी सिंह का परिवार इस विवाह से खुश नहीं था और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
मृतका के भाई गुरजीत सिंह की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस घटना की पूर्व नियोजित साजिश के एंगल से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
और पढ़ें: मानहानि मामले में राहुल गांधी ने जताया खेद, जबलपुर हाईकोर्ट में आज होगी सुनवाई