श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। अब रिपोर्टों के मुताबिक, उनकी जगह सरफराज खान को भारतीय टीम में शामिल किए जाने की संभावना है। सरफराज को सुदर्शन के स्थान पर सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैच खेले जाने हैं। पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने साई सुदर्शन के चोटिल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि वह आगामी सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
सुदर्शन बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस और बल्लेबाजी-फील्डिंग से जुड़े अभ्यास के जरिए चोट से उबरने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, वह समय पर पूरी तरह फिट नहीं हो सके। ऐसे में उन्हें पहले टेस्ट से बाहर होना पड़ा है। दूसरे टेस्ट के लिए उनकी वापसी को लेकर भी फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
और पढ़ें: दिलीप ट्रॉफी से पहले वैभव सूर्यवंशी ने शुरू की लाल गेंद क्रिकेट की तैयारी
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि सरफराज खान को सुदर्शन के संभावित विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। सरफराज ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाई है और मध्यक्रम में टीम को मजबूती दे सकते हैं।
श्रीलंका सीरीज भारतीय टीम के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम अभी फाइनल की दौड़ में बनी हुई है। फाइनल की उम्मीद कायम रखने के लिए भारत को अपने अगले नौ मैचों में से कम से कम छह मुकाबले जीतने होंगे।
भारतीय टीम पहले ही चोटों से परेशान है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी चोट के कारण सीरीज से बाहर हैं। वहीं, शुभमन गिल की दाहिनी हाथ की अनामिका उंगली में चोट लगी थी, जिसके कारण वह तीन दिवसीय अभ्यास मुकाबले में भी नहीं खेल सके। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में टीम के सामने कई चुनौतियां होंगी।
और पढ़ें: विल जैक्स ने पकड़ा शानदार कैच, एमआई लंदन ने लंदन स्पिरिट को हराकर दर्ज की धमाकेदार जीत