मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक हाई-प्रोफाइल मामले से जुड़ी बड़ी घटना सामने आई है। ट्विशा शर्मा हत्याकांड की आरोपी और पूर्व न्यायाधीश गिरीबाला सिंह के घर में देर रात चोरी की वारदात हुई है। बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 2 बजे हुई, जब तीन नकाबपोश चोर उनके घर में घुस आए।
चोरों ने घर से सोने के जेवरात और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद इलाके में गश्त कर रही चार्ली वाहन पुलिस टीम को कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान चोरों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए। भागते समय उन्होंने चोरी का सामान छोड़ दिया, जिसमें चांदी की कुछ वस्तुएं और दस्तावेज शामिल थे।
और पढ़ें: कानपुर में नाबालिग के अपहरण और जबरन धर्मांतरण का आरोप, चार गिरफ्तार
एसीपी रजनीश कश्यप ने बताया कि तीन नकाबपोश चोर घर के पिछले हिस्से से प्रथम मंजिल पर दाखिल हुए थे। उस समय घर में गिरीबाला सिंह और उनका छोटा बेटा जेल में थे, जबकि बड़ा बेटा घर में मौजूद था। सुबह परिवार को घर का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि चोरी गया सामान वास्तव में क्या-क्या था। परिवार की ओर से एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
पुलिस ने तीनों संदिग्धों की तलाश के लिए सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
और पढ़ें: केतन अग्रवाल हत्याकांड: आरोपी सिया गोयल को पुणे के लोहगढ़ किले ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएशन