बिहार के बगहा में खेत में पानी पटवन को लेकर दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। रामनगर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में हुए इस संघर्ष के दौरान एक पक्ष ने फरसा से हमला कर दिया। हमले में मैनेजर मांझी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके भाई गुड्डू मांझी गंभीर रूप से घायल हैं।
बताया गया कि मैनेजर मांझी हरिनगर चीनी मिल के जबका स्थित फार्म विभाग में काम करते थे। घटना से पहले उनके चाचा प्रसाद मांझी पकड़ी गांव के पास खिरिया सरेह में बंटाई के खेत में पटवन देखने गए थे। वहां पानी बंद मिलने पर उन्होंने भगेलू चौधरी से इसका कारण पूछा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और मारपीट शुरू हो गई।
प्रसाद मांझी ने घर लौटकर अपने भतीजों मैनेजर और गुड्डू को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों भाई भगेलू चौधरी के घर पहुंचे। वहां विवाद बढ़ने पर भगेलू चौधरी ने फरसा से दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
और पढ़ें: सीतामढ़ी में जिला परिषद सदस्य के पति की गोली मारकर हत्या, बवाल के बीच एसपी की गाड़ी तोड़ी
परिजन घायलों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसीएच, बेतिया रेफर किया गया। इलाज के दौरान मैनेजर मांझी ने दम तोड़ दिया, जबकि गुड्डू का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भगेलू चौधरी और उसके बेटे कृष्णा चौधरी को फरसा समेत गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। मैनेजर का शव गांव पहुंचने पर परिवार में मातम छा गया।
और पढ़ें: बिहटा के परेव सोन नदी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, 62 राउंड फायरिंग; एक बदमाश गिरफ्तार