15 दिन चलेगा ‘सेवा संकल्प महोत्सव’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2026 को सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे करेंगे। यह वही दिन है, जब उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी। इस महत्वपूर्ण राजनीतिक पड़ाव को यादगार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी देशभर में ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ आयोजित करने की तैयारी कर रही है।
प्रस्तावित महोत्सव करीब 15 दिनों तक चलेगा। इसके तहत पार्टी जनसेवा और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित करेगी। इनमें स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, पौधारोपण अभियान और स्वास्थ्य शिविर प्रमुख होंगे। विभिन्न स्थानों पर ‘नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष’ विषय पर डिजिटल और फोटो प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
और पढ़ें: पीएम मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान के लिए किया आह्वान, बोले- हर घर पर फहराएं तिरंगा
बीजेपी सुशासन, विकास और अंत्योदय जैसे विषयों पर बौद्धिक सम्मेलन आयोजित करने की योजना बना रही है। युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रम भी होंगे। सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और पहलों को लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
विनोद तावड़े को मिली जिम्मेदारी
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। योजना के अनुसार, प्रत्येक राज्य में सात सदस्यीय टीम अभियान की देखरेख करेगी। इसमें राज्य सरकार का एक मंत्री, एक संगठन महामंत्री और पांच अन्य नेता शामिल होंगे।
राज्य स्तरीय टीमें अलग-अलग कार्यक्रमों में समन्वय करेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि अभियान विभिन्न क्षेत्रों तथा समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचे।
गुजरात के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक का सफर
नरेंद्र मोदी ने 51 वर्ष की उम्र में 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके नेतृत्व में बीजेपी ने 2002, 2007 और 2012 के गुजरात विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की। करीब 13 वर्ष तक मुख्यमंत्री रहने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखा।
26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद 2019 में उन्होंने दूसरी और 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला।
बीजेपी इस 25 वर्ष की यात्रा को जनसेवा, सुशासन और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर पेश करने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित कार्यक्रमों के जरिए पार्टी जमीनी स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ाने के साथ नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर से जुड़ी प्रमुख पहलों और नीतियों को भी सामने रखेगी।
और पढ़ें: भाजपा के सोशल मीडिया प्रमुख पद से अमित मालवीय की विदाई, जानिए क्या रही वजह