कांग्रेस पार्टी लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन के मौके पर एक बड़ा रोजगार कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। यह ‘मेगा जॉब फेयर’ 19 जून को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होगा।
इस आयोजन का संयुक्त रूप से संचालन भारतीय युवा कांग्रेस और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा और इसमें देश की 150 से अधिक नामी निजी कंपनियां और संस्थान भाग लेंगे।
भाग लेने वाली कंपनियों में टाटा मोटर्स, हैयर, अमेजन, फ्लिपकार्ट, एलएंडटी, किया, नायका, एचडीएफसी बैंक, डाबर, डी-मार्ट, जेसीबी और पारले जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।
और पढ़ें: मध्य प्रदेश रेल हादसा: आग की अफवाह से ट्रेन से कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन की चपेट में आकर 4 की मौत
रोजगार मेले के लिए उम्मीदवार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार क्यूआर कोड स्कैन करके भारतीय युवा कांग्रेस की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं, जो पहले से रजिस्टर नहीं कर पाएंगे, वे सीधे मौके पर पहुंचकर भी पंजीकरण कर सकेंगे।
इस जॉब फेयर में 10वीं पास से लेकर पोस्टग्रेजुएट तक के उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों का इंटरव्यू उनकी योग्यता और कौशल के आधार पर किया जाएगा।
कांग्रेस ने कहा है कि यह पूरी प्रक्रिया निशुल्क (फ्री) है और किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लेटर भी दिया जाएगा।
पार्टी ने बताया कि यह पहल युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से की जा रही है, क्योंकि केंद्र में सत्ता न होने के कारण कांग्रेस सरकारी नौकरियां नहीं दे सकती।
कांग्रेस ने पिछले आयोजनों का हवाला देते हुए बताया कि दिल्ली में पिछले साल करीब 18,000 युवाओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से लगभग 7,000 को नौकरी मिली थी।
और पढ़ें: ब्राजील में बड़ा हादसा: दो हेलीकॉप्टर हवा में टकराए, 6 लोगों की मौत