दिल्ली में पुलिस ने नकली उत्पाद बनाने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए नकली ईनो और नेस्कैफे कॉफी बनाने वाले रैकेट का खुलासा किया। यह कार्रवाई मधु विहार इलाके में की गई, जहां दो अवैध यूनिट संचालित हो रही थीं।
पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान इन यूनिट्स का पता चला, जहां नकली ईनो पाउडर और कॉफी के सैशे तैयार किए जा रहे थे। इन उत्पादों को थोक और खुदरा बाजार के जरिए विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान करीब 20 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया। इसमें तीन पैकेजिंग मशीनें, लगभग 1 लाख तैयार नकली ईनो सैशे, 50 हजार नकली कॉफी सैशे, 500 किलो कॉफी पाउडर, एसिड से भरे ड्रम, पैकेजिंग सामग्री और अन्य उपकरण शामिल हैं।
और पढ़ें: उत्तम नगर हत्याकांड: पीड़ित परिवार को आरोपी से जान से मारने की धमकी, पुलिस में शिकायत दर्ज
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के नकली उत्पाद लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं, क्योंकि ईनो जैसे उत्पाद सीधे पेट से जुड़ी समस्याओं के इलाज में उपयोग किए जाते हैं।
इस मामले में उत्तम दास, पापई दास, नितिन भारद्वाज और संजय बंसल को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने किराए पर फ्लैट लेकर पिछले दो महीनों से यह अवैध कारोबार चला रहे थे।
फरार आरोपी नितिन भारद्वाज को तकनीकी निगरानी के जरिए देहरादून के सहस्त्रधारा इलाके से पकड़ा गया, जबकि संजय बंसल को कश्मीरी गेट के पास गिरफ्तार किया गया।
कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जांच के बाद पुष्टि की कि जब्त किए गए उत्पाद पूरी तरह नकली हैं। पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
और पढ़ें: दिल्ली के निहाल विहार में बच्ची से छेड़छाड़, सब्जी विक्रेता गिरफ्तार