अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह ‘ट्रंप 2028’ लिखी टोपी पहने नजर आ रहे हैं। तस्वीर के साथ संदेश लिखा था, ‘हम जीतने जा रहे हैं।’ ट्रंप की इस पोस्ट ने उनके संभावित तीसरे राष्ट्रपति कार्यकाल को लेकर अटकलें फिर तेज कर दी हैं।
यह पोस्ट ऐसे समय में सामने आई है, जब ट्रंप कुछ दिन पहले ही स्वीकार कर चुके हैं कि मौजूदा अमेरिकी कानून उन्हें तीसरी बार निर्वाचित होने से रोकता है। 12 अगस्त को मैरीलैंड स्थित ज्वाइंट बेस एंड्रयूज में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा था कि वह चुनाव लड़ना पसंद करेंगे, लेकिन इस मुद्दे पर ‘कानून बहुत मजबूत’ है। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके समर्थक अक्सर उनसे एक और कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ने को कहते हैं।
ट्रंप द्वारा साझा की गई तस्वीर को 2028 के राष्ट्रपति अभियान की औपचारिक घोषणा नहीं माना जा रहा है। हालांकि, यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब ट्रंप और उनके समर्थक मौजूदा कार्यकाल के बाद भी व्हाइट हाउस में उनकी मौजूदगी की संभावना पर लगातार चर्चा कर रहे हैं।
और पढ़ें: पश्चिम एशिया युद्ध : होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का रुख सख्त, ट्रंप ने अमेरिकियों से महंगे ईंधन के लिए तैयार रहने को कहा
कितने कार्यकाल रह सकता है अमेरिकी राष्ट्रपति?
अमेरिकी संविधान के 22वें संशोधन के तहत कोई व्यक्ति दो से अधिक बार राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित नहीं हो सकता। यह संशोधन 1951 में लागू हुआ था। दोनों कार्यकाल लगातार होना जरूरी नहीं है।
ट्रंप 2016 और 2024 में राष्ट्रपति चुने जा चुके हैं। इसलिए 2028 में फिर निर्वाचित होना उनका तीसरा चुनावी विजय होगा, जिसकी मौजूदा संवैधानिक व्यवस्था के तहत अनुमति नहीं है।
22वें संशोधन की पृष्ठभूमि पूर्व राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट से जुड़ी है। रूजवेल्ट 1933 से 1945 तक राष्ट्रपति रहे और चार बार चुनाव जीते। इसके बाद राष्ट्रपति पद के लिए दो चुनावों की सीमा तय की गई।
मौजूदा कानून में बदलाव किए बिना ट्रंप का तीसरी बार राष्ट्रपति चुना जाना संभव नहीं है। इसलिए उनकी ‘ट्रंप 2028’ पोस्ट अटकलों को जरूर हवा देती है, लेकिन संवैधानिक सीमा फिलहाल बरकरार है।
और पढ़ें: ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करेंगे