हरियाणा के रेवाड़ी जिले में स्थित झुग्गी बस्ती में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में झुग्गियों में रखा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है।
उप अग्निशमन अधिकारी ने बताया, “हमें इस आग की सूचना शाम 4 बजकर 19 मिनट पर मिली थी। सूचना मिलने के बाद हमने तुरंत रेवाड़ी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां रवाना कीं। इसके बाद आईएमटी बावल से दो गाड़ियां, बावल शहर से एक और धरोड़ा से भी एक दमकल गाड़ी मौके पर भेजी गई।”
उन्होंने आगे बताया कि आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा क्योंकि झुग्गी बस्ती में आग तेजी से फैल रही थी। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया और पानी आदि उपलब्ध कराने में मदद की।
और पढ़ें: पंचकुला में ब्रेक फेल होने से बस डिवाइडर से टकराई, 20 छात्र घायल
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और प्रभावित परिवारों को सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, हालांकि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।
और पढ़ें: हरियाणा में ईंधन की कोई कमी नहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अफवाहों पर रोक लगाई