भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार को श्रीलंका पहुंच गई है, जहां वह 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज खेलेगी। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया के लिए यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) अभियान को दोबारा मजबूत करने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
श्रीलंका क्रिकेट ने भारतीय टीम के श्रीलंका पहुंचने की तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में कप्तान शुभमन गिल अपने साथियों के साथ नजर आ रहे हैं। हालांकि, टीम के साथ पहुंचे खिलाड़ियों में एक अहम नाम गायब रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, बल्लेबाज साई सुदर्शन टीम के साथ श्रीलंका नहीं पहुंचे हैं।
साई सुदर्शन चोट से उबरने के लिए बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान पैर के अंगूठे में चोट लगी थी। हालांकि, उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस मंजूरी पर निर्भर करेगी।
और पढ़ें: अल्जारी जोसेफ ने डैरेन सैमी के बयान पर किया पलटवार, चयन विवाद पर रखी अपनी बात
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गाले में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में होगा। इससे पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से कोलंबो के नॉन्डेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब मैदान पर श्रीलंका एकादश के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी।
इस अभ्यास मैच को पहले चार दिन का रखा गया था, लेकिन बाद में इसे घटाकर तीन दिन कर दिया गया। श्रीलंका क्रिकेट ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि भारतीय टीम अब चार दिवसीय मुकाबले की जगह तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी।
डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भारत की स्थिति फिलहाल मजबूत नहीं है। टीम इंडिया ने इस चक्र में अब तक नौ मुकाबले खेले हैं, जिनमें उसे चार जीत, चार हार और एक ड्रॉ मिला है। भारत 52 अंकों और 48.15 प्रतिशत अंक (पीसीटी) के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर है।
भारत को डब्ल्यूटीसी फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए श्रीलंका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इससे पहले भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 2-2 से ड्रॉ खेली थी, वेस्टइंडीज को घरेलू मैदान पर 2-0 से हराया था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में 2-0 से हार झेलनी पड़ी थी।
श्रीलंका में स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम रहने की उम्मीद है। इसी को देखते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने स्पिन के खिलाफ जमकर अभ्यास किया है। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने विशेष तैयारी की है।
वहीं, भारत पहले ही तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की सेवाओं से वंचित है। घुटने की चोट के कारण बुमराह इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह औकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है। अब टीम इंडिया को बुमराह की कमी पूरी करने के लिए अन्य गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
और पढ़ें: विराट कोहली ने अजिंक्य रहाणे को बताया अपना पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साथी, संन्यास पर दी शुभकामनाएं