जापान के पूर्वी हिस्से में रविवार सुबह 5.9 तीव्रता के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इसका असर राजधानी टोक्यो समेत आसपास के कई इलाकों में दिखाई दिया। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप में चार प्रांतों में कुल 23 लोग घायल हुए हैं। हालांकि, भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में जमीन से करीब 70 किलोमीटर नीचे था। अमेरिका के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने इसकी प्रारंभिक तीव्रता 5.8 दर्ज की। जापान का यह क्षेत्र लगातार भूकंप के झटकों के लिए संवेदनशील माना जाता है।
सैतामा और कानागावा प्रांतों में नौ-नौ लोग, चिबा में चार और इबाराकी में एक व्यक्ति घायल हुआ। ज्यादातर लोग भूकंप के अचानक आने से बिस्तर से गिर गए या फर्नीचर और दरवाजों से टकरा गए। रिपोर्ट के अनुसार, कानागावा के योकोहामा में 80 वर्ष से अधिक उम्र की एक महिला बिस्तर से गिर गई और उसके कूल्हे में गंभीर चोट आई।
और पढ़ें: कुमामोतो भूकंप के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जताई एकजुटता, जापान को हरसंभव समर्थन का भरोसा
भूकंप के झटकों से टोक्यो में मोबाइल फोन पर आपातकालीन अलर्ट जारी हुए। प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने बताया कि सरकार ने नुकसान का आकलन करने के लिए एक टास्क फोर्स गठित किया है।
भूकंप के कारण टोक्यो और नारिता हवाई अड्डे को जोड़ने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों सहित कई स्थानीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। हालांकि, ईस्ट जापान रेलवे के अनुसार शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रहीं।
टोक्यो के कोटो वार्ड में भूमिगत पानी की पाइप फट गई, जिससे सड़क पर पानी भर गया। बाद में पाइप की मरम्मत कर रिसाव रोक दिया गया। करीब 460 घरों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई, जिसे रविवार सुबह तक बहाल कर दिया गया।
परमाणु नियमन प्राधिकरण के अनुसार, परमाणु संयंत्रों या परमाणु सामग्री से जुड़ी अन्य सुविधाओं में किसी तरह की असामान्यता की सूचना नहीं मिली। अधिकारी अब भी भूकंप से हुए नुकसान और चोटों का आकलन कर रहे हैं।
और पढ़ें: जापान में भूकंप के बाद मॉल में विस्फोट, दो महिलाओं की मौत; राहत और बचाव अभियान तेज