इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी तेज गेंदबाज केट क्रॉस ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया है। वह आगामी घरेलू समर के समाप्त होने के बाद क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लेंगी। इसके साथ ही उनके करीब 15 साल लंबे शानदार पेशेवर करियर का अंत हो जाएगा।
केट क्रॉस ने इंग्लैंड के लिए तीनों प्रारूपों में कुल 102 मुकाबले खेले और इस दौरान 140 विकेट अपने नाम किए। हालांकि, सितंबर 2025 में उनका इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) का केंद्रीय अनुबंध समाप्त हो गया था। इसके बाद से वह राष्ट्रीय टीम का हिस्सा नहीं बनी हैं।
क्रॉस के अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत 2011 में होने वाली थी। उन्हें एशेज सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम में शामिल किया गया था, लेकिन वह उस समय अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण नहीं कर सकीं। आखिरकार 2013 में उन्हें इंग्लैंड के लिए खेलने का मौका मिला।
और पढ़ें: इंग्लैंड ने स्टीफन फ्लेमिंग को बनाया नया टेस्ट कोच, बेन स्टोक्स के बाद जो रूट फिर संभालेंगे कप्तानी
लंबे समय तक राष्ट्रीय टीम से बाहर रहने के बाद क्रॉस ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में वापसी की। उन्होंने विमेंस हंड्रेड प्रतियोगिता में सनराइजर्स लीड्स का प्रतिनिधित्व किया। अब वह अपने घरेलू समर का बाकी हिस्सा लंकाशायर के साथ बिताएंगी। इसके बाद वह क्रिकेट को पूरी तरह अलविदा कह देंगी।
संन्यास के फैसले पर भावुक हुईं केट क्रॉस
अपने फैसले की घोषणा करते हुए केट क्रॉस ने कहा कि क्रिकेट को अलविदा कहना उनके लिए बेहद मुश्किल है, लेकिन उन्हें लगता है कि यह सही समय है।
उन्होंने कहा कि इस गर्मी का सत्र पेशेवर क्रिकेट में उनका आखिरी होगा। क्रिकेट उनकी जिंदगी का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है और इसी खेल ने उन्हें वह इंसान बनाया, जो वह आज हैं। उन्होंने कहा कि अब उनके करियर का अंतिम अध्याय सामने है।
क्रॉस ने अपने करियर को लेकर आभार जताते हुए कहा कि वह बेहद भाग्यशाली हैं कि उन्हें अपने पसंदीदा खेल को उच्चतम स्तर पर खेलने का अवसर मिला। उन्होंने क्रिकेट के दौरान मिले लोगों और बनाई गई यादों को जीवनभर संजोकर रखने की बात कही।
और पढ़ें: पेपर लीक के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में