केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की शानदार जीत के एक सप्ताह बाद भी कांग्रेस मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर सहमति नहीं बना सकी है। पार्टी के भीतर रमेश चेन्नीथला, केसी वेणुगोपाल और वीडी सतीशन के नामों को लेकर लगातार मंथन जारी है। इस मुद्दे ने अब राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान ने केरल के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया है ताकि मुख्यमंत्री चयन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जा सके। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सुधाकरन, के मुरलीधरन और मुल्लापल्ली रामचंद्रन सहित कई नेताओं से संपर्क किया गया है।
बताया जा रहा है कि लोकसभा सांसद केसी वेणुगोपाल मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। वे राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के करीबी माने जाते हैं तथा संगठन और राज्य इकाइयों के बीच मजबूत कड़ी के रूप में देखे जाते हैं। वहीं, रमेश चेन्नीथला का भी पार्टी में मजबूत समर्थन है। दूसरी ओर, वीडी सतीशन को जनता के बीच लोकप्रिय नेता माना जा रहा है।
और पढ़ें: केरल में मुख्यमंत्री चयन को लेकर घमासान, कांग्रेस हाईकमान ने कार्यकर्ताओं से आंदोलन से बचने की अपील की
पार्टी के अंदरूनी मतभेद अब तीनों नेताओं के समर्थक पोस्टर अभियान और ऑनलाइन बहस के जरिए अपने-अपने नेता को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। इससे कांग्रेस नेतृत्व की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
रमेश चेन्नीथला ने कहा कि हाईकमान जो भी फैसला करेगा, उसे सभी नेता और कार्यकर्ता स्वीकार करेंगे। हालांकि रिपोर्ट के अनुसार, वीडी सतीशन किसी अन्य पद को स्वीकार करने के मूड में नहीं हैं।
गौरतलब है कि केरल विधानसभा चुनाव में यूडीएफ ने 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। कांग्रेस 63 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और केरल कांग्रेस ने क्रमशः 22 और 7 सीटें जीतीं।
और पढ़ें: केरल में मुख्यमंत्री पद पर सस्पेंस जारी: 43 विधायकों का केसी वेणुगोपाल को समर्थन, 10 ने फैसला हाईकमान पर छोड़ा