झारखंड के पलामू जिले में एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जब कोयला लदी मालगाड़ी के 15 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना के कारण डाल्टनगंज और गढ़वा रोड जंक्शन के बीच रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) के धनबाद मंडल के अंतर्गत राजहरा रेलवे स्टेशन के पास दोपहर करीब एक बजे हुई। मालगाड़ी को अप लाइन की ओर डायवर्ट किया जा रहा था, तभी उसके 15 कोयला लदे वैगन पटरी से उतर गए।
राजहरा स्टेशन प्रबंधक इंद्रजीत राम ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई है और पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने का कार्य जारी है।
और पढ़ें: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से बाहर होगा पाकिस्तान, किर्गिस्तान ने पहली बार बनाई जगह
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि इस हादसे के कारण कम से कम 10 यात्री ट्रेनों की सेवाएं प्रभावित हुई हैं। कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट या वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है।
हादसे के चलते रांची-सासाराम एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। वहीं रांची-चोपन एक्सप्रेस, गोमोह-चोपन पैसेंजर और बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। इसके अलावा हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस, रांची-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, पलामू एक्सप्रेस और शक्तिपुंज एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने कहा है कि प्रभावित ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना की जांच शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
और पढ़ें: मानसून में मुंबई में 24 बार आएगा 4.5 मीटर से अधिक ऊंचा ज्वार, बीएमसी ने जारी की सलाह