बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार दोपहर बड़ा नाव हादसा हुआ। राघोपुर के तेरसिया में महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर-9 के पास यात्रियों से भरी नाव तेज धारा में फंसने के बाद पलट गई। नाव पर कुल 10 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद कई लोगों के नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नाव राघोपुर से दीघा की ओर जा रही थी। महात्मा गांधी सेतु के पास पहुंचने पर नाव तेज बहाव की चपेट में आ गई और अनियंत्रित होकर नदी में पलट गई। नाव पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना प्रशासन और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। वैशाली के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा भी मौके पर कैंप कर रहे हैं। अधिकारी राहत और बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
और पढ़ें: दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत ढही, छह लोगों की मौत, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की टीमें नदी में संभावित लापता लोगों को खोजने में जुटी हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।
यह हादसा ऐसे क्षेत्र में हुआ है, जो लोकसभा और विधानसभा राजनीति की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। राघोपुर क्षेत्र लोकसभा सांसद चिराग पासवान के संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जबकि यह तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा इलाका है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से लापता या सुरक्षित बचाए गए लोगों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। राहत-बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।
और पढ़ें: दिल्ली इमारत हादसा: मृतकों की संख्या तीन हुई, सीएम रेखा गुप्ता ने एम्स का दौरा किया