दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के यश डबास ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने एनएसयूआई के विजय शंकर मीणा को हराकर 24,576 वोट हासिल किए।
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के कंझावला के रहने वाले यश डबास दिल्ली विश्वविद्यालय के बौद्ध अध्ययन विभाग के छात्र हैं। एबीवीपी के अनुसार, राजनीति में आने से पहले उनकी पहचान एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी के रूप में भी रही है। उन्होंने स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में आयोजित आईटीएफ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है।
जीत के बाद यश डबास ने इसे संगठन और छात्रों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कॉलेजों, हॉस्टलों और पीजी में सुरक्षा ऑडिट कराना होगा। उन्होंने सत्य निकेतन हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।
और पढ़ें: DUSU चुनाव में ABVP का तीन पदों पर कब्जा, यश डबास अध्यक्ष और निर्दलीय दीपांशु शौकीन उपाध्यक्ष चुने गए
DUSU चुनाव 2026 के प्रमुख नतीजे
अध्यक्ष पद पर यश डबास को 24,576 और विजय शंकर मीणा को 22,523 वोट मिले।
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय दीपांशु शौकीन 30,615 वोटों के साथ विजयी रहे। एबीवीपी के इशू मौर्य को 16,910 और एनएसयूआई के वीर चतरथ को 4,313 वोट मिले।
सचिव पद पर एबीवीपी की रिया छावड़ी ने 21,650 वोट हासिल किए, जबकि एनएसयूआई की नम्रता चौधरी को 14,869 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के लक्ष्य राज सिंह 16,615 वोटों के साथ विजयी रहे।
दीपांशु शौकीन ने कहा कि चुनाव लड़ने का उनका उद्देश्य केवल पद हासिल करना नहीं, बल्कि छात्रों की आवाज बनना है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से उन्हें छात्रों का समर्थन और सहयोग मिलता रहा है।
और पढ़ें: DUSU चुनाव 2026: ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद जीते, एनएसयूआई का खाता नहीं खुला