केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने FASTag उपयोगकर्ताओं के लिए वनटैग सुविधा लॉन्च की है। इसके जरिए वाहन मालिक बिना नया FASTag लगाए अपने मौजूदा FASTag का बैंक बदल सकेंगे। यह सुविधा FASTag को अधिक सुविधाजनक और पोर्टेबल बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
वनटैग एक NETC FASTag पोर्टेबिलिटी समाधान है, जिसे भारतीय राजमार्ग प्रबंधन कंपनी लिमिटेड (आईएचएमसीएल) और भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने संयुक्त रूप से विकसित किया है। आईएचएमसीएल भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा प्रवर्तित कंपनी है। गडकरी ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 के दौरान वनटैग को लॉन्च किया।
क्या है वनटैग का फायदा?
पहले FASTag जारी करने वाला बैंक बदलने के लिए ग्राहकों को पुराने FASTag को बंद कराना पड़ता था और नए बैंक से नया FASTag लेना होता था। इसके बाद वाहन पर नया टैग लगाना पड़ता था। इस प्रक्रिया में समय और अतिरिक्त खर्च दोनों होते थे। अब वनटैग के जरिए यही प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी।
और पढ़ें: मुंबई-गोवा हाईवे में देरी पर नितिन गडकरी नाराज, बोले- मुझे शर्म आती है, उद्घाटन में नहीं जाऊंगा
फिलहाल वनटैग की सुविधा एनएचएआई के राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप के जरिए उपलब्ध होगी। ग्राहक ऐप पर अपनी पात्रता की जांच, सुरक्षित सत्यापन और सहमति की प्रक्रिया पूरी करने के बाद नया बैंक चुन सकेंगे। बैंक बदलने के बाद भी FASTag का टैग आईडी और वाहन पंजीकरण नंबर वही रहेगा। यानी वाहन पर लगा मौजूदा FASTag ही काम करता रहेगा।
बैंक बदलने के दौरान पुराने बैंक की जिम्मेदारी पुराने वॉलेट से जुड़े सत्यापन, बैलेंस, रिफंड और लंबित लेनदेन से संबंधित मामलों की होगी। नया बैंक ग्राहक का दोबारा ऑनबोर्डिंग पूरा करेगा और आगे FASTag से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
वनटैग से ग्राहकों को बैंक चुनने की अधिक स्वतंत्रता मिलेगी और नए FASTag की छपाई, डिलीवरी तथा वाहन पर दोबारा टैग लगाने का खर्च भी कम हो सकता है।
इस बीच एनएचएआई ने देशभर के 121 टोल प्लाजा पर ऑनलाइन FASTag लोकल पास की सुविधा भी शुरू कर दी है। पात्र यात्री राजमार्गयात्रा ऐप के जरिए मासिक लोकल पास ले सकते हैं।
और पढ़ें: नितिन गडकरी ने राज्यों से निजी दोपहिया वाहन मालिकों को बाइक टैक्सी चलाने की अनुमति देने की अपील की