दिल्ली के रोहिणी इलाके में ‘स्पेशल 26’ फिल्म की तर्ज पर फर्जी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) अधिकारी बनकर पहुंचे लोगों की कथित छापेमारी एक कारोबारी की पत्नी की सूझबूझ से नाकाम हो गई। घटना 8 अगस्त की बताई जा रही है। पुलिस ने परिवार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, करीब आठ से दस लोगों का एक समूह कारोबारी के घर पहुंचा और खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। उन्होंने जांच के नाम पर घर में प्रवेश करने की कोशिश की। हालांकि, कारोबारी की पत्नी ने दरवाजा खोलने से साफ इनकार कर दिया और उनसे पहचान पत्र, आधिकारिक दस्तावेज तथा तलाशी वारंट दिखाने को कहा।
परिवार के अनुसार, संदिग्ध लोग करीब डेढ़ घंटे तक घर के बाहर खड़े रहे और महिला पर दरवाजा खोलने का दबाव बनाते रहे। इसी दौरान पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी कथित सीबीआई अधिकारियों से तलाशी वारंट और लिखित नोटिस दिखाने को कहा।
और पढ़ें: डेटिंग ऐप के नाम पर 67 वर्षीय दिल्लीवासी से 1.30 लाख की ठगी, दो युवतियां गिरफ्तार
जब दस्तावेज दिखाने की मांग की गई तो समूह ने दावा किया कि नोटिस उनकी कार में रखा है और वे उसे लेकर आते हैं। इसके बाद सभी लोग वहां से फरार हो गए। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
परिवार ने घटना के दौरान पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया था। पुलिस के पहुंचने तक संदिग्ध लोग मौके से भाग चुके थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है।
परिवार ने पुलिस को बताया कि कारोबारी के पिता के व्हाट्सऐप पर सीबीआई निदेशक के नाम और कथित हस्ताक्षर वाला एक नोटिस भेजा गया था। बाद में संदेश हटा दिया गया, लेकिन परिवार ने उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया था। यह स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंप दिया गया है।
परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
और पढ़ें: कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की चाकू से हत्या, गुस्साए कर्मियों ने काम रोका