उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दवा व्यापारी की उनके फ्लैट में गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात कल्याणपुर के रतन आर्बिट अपार्टमेंट में हुई। मृतक की पहचान दवा व्यापारी विनीत मनोचा के रूप में हुई है। घटना के समय वह घर में अकेले थे, जबकि उनका बेटा पत्नी के साथ पार्टी में गया था।
पुलिस के अनुसार, विनीत मनोचा अपने बेटे सुबरात मनोचा के साथ रतन आर्बिट के सी-104 फ्लैट में रहते थे। शनिवार रात करीब 9:40 बजे सुबरात अपनी पत्नी के साथ पार्टी के लिए घर से निकले। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, उनके निकलने के करीब आठ मिनट बाद रात 9:46 बजे दो संदिग्ध अपार्टमेंट में पहुंचे और सीधे फ्लैट में दाखिल हो गए।
पुलिस को आशंका है कि दोनों के पास फ्लैट की चाबी से जुड़ी जानकारी थी, क्योंकि उन्हें अंदर प्रवेश करने में कोई परेशानी नहीं हुई। बताया जा रहा है कि दोनों ने फ्लैट में ही विनीत के लौटने का इंतजार किया। रात करीब 10:58 बजे विनीत वापस आए और लगभग आधे घंटे बाद 11:28 बजे दोनों संदिग्ध फ्लैट से बाहर निकलते दिखाई दिए।
और पढ़ें: चेन्नई में बीच सड़क शख्स की हत्या, कुछ दिन पहले ही टीवीके में हुआ था शामिल
जांच के दौरान एक संदिग्ध की पहचान व्यापारी के यहां काम करने वाले नौकर के रूप में हुई है। मृतक के बेटे ने भी सीसीटीवी फुटेज में उसे पहचानने की बात कही है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि नौकर व्यापारी से नाराज था और काम को लेकर अक्सर डांट मिलने के कारण उसके मन में रंजिश हो सकती थी। हालांकि, हत्या की वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सीसीटीवी में नौकर के साथ एक अन्य व्यक्ति भी दिखाई दे रहा है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और संदिग्धों से जुड़ी जानकारी के आधार पर हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात के पीछे केवल कथित रंजिश थी या कोई अन्य वजह भी हो सकती है।
और पढ़ें: दिल्ली के तिलक नगर में घर में 21 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार