बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक किराना दुकान से कोल्ड ड्रिंक के कैरेट में छिपाकर रखे गए पांच देसी बम बरामद किए गए। यह घटना मोहर्रम त्योहार से ठीक पहले सामने आई है, जिससे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया है।
मामला कोलासी पुलिस शिविर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मधुरा गांव का है। जानकारी के अनुसार, एक किराना दुकान में संदिग्ध वस्तुएं काले पॉलिथीन में रखी हुई दिखाई दीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जब जांच की गई तो कोल्ड ड्रिंक की प्लास्टिक कैरेट के अंदर छिपाकर रखे गए पांच लो-इंटेंसिटी देसी बम बरामद हुए।
एक साथ इतने बम मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर ये विस्फोटक सामग्री किराना दुकान तक कैसे पहुंची और इन्हें वहां रखने के पीछे किसकी मंशा थी। मोहर्रम से पहले इस तरह की बरामदगी को लेकर लोग इसे किसी बड़ी साजिश से जोड़कर देख रहे हैं।
और पढ़ें: राबड़ी देवी को एक सप्ताह में सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस, नहीं मानने पर होगी कार्रवाई
स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि यह असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल खराब करने की कोशिश हो सकती है, जबकि कुछ लोग किसी बड़ी वारदात की योजना की संभावना भी जता रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने सभी बमों को कब्जे में लेकर सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि बम किसने और कब वहां रखे। फिलहाल मधुरा गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
यह घटना त्योहार से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
और पढ़ें: मुजफ्फरपुर में शराब तस्करी पर छापेमारी के दौरान महिला तस्कर ने की पुलिस से हाथापाई, गिरफ्तार