फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फ्रांस ने पराग्वे को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। फिलाडेल्फिया में खेले गए इस मुकाबले में फ्रांस की जीत के हीरो कप्तान किलियन एम्बाप्पे रहे, जिन्होंने 70वें मिनट में पेनल्टी पर निर्णायक गोल दागा। अब क्वार्टर फाइनल में फ्रांस का मुकाबला मोरक्को से होगा।
पूरा मैच फ्रांस के दबदबे में रहा, लेकिन पराग्वे की मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपर ऑरलैंडो गिल के शानदार प्रदर्शन ने फ्रांसीसी खिलाड़ियों को लंबे समय तक गोल करने से रोके रखा। मैच का सबसे अहम क्षण 70वें मिनट में आया, जब वीएआर (VAR) की समीक्षा के बाद रेफरी ने फैसला दिया कि डिएगो गोमेज़ ने पेनल्टी बॉक्स के भीतर देज़िरे डुए को गिराया था। इसके बाद एम्बाप्पे ने पेनल्टी को गोल में बदलते हुए टूर्नामेंट का अपना सातवां गोल दाग दिया। इसके साथ ही वह सर्वाधिक गोल करने की सूची में लियोनेल मेसी की बराबरी पर पहुंच गए।
मैच में फ्रांस ने अधिकांश समय गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार आक्रमण किए, लेकिन पराग्वे की अनुशासित रक्षापंक्ति ने उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। दूसरे हाफ में बढ़त मिलने के बाद भी फ्रांस ने दूसरा गोल करने की कोशिश जारी रखी, लेकिन ऑरलैंडो गिल ने कई बेहतरीन बचाव किए।
और पढ़ें: हरियाणा में पुलिस मुठभेड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शार्पशूटर ढेर, दोनों पर था 1-1 लाख रुपये का इनाम
दूसरी ओर, पराग्वे ने अंतिम मिनटों में बराबरी का गोल करने के लिए पूरा दम लगाया। हालांकि, फ्रांस के गोलकीपर माइक मेन्यां ने महत्वपूर्ण बचाव करते हुए टीम की बढ़त कायम रखी। मुकाबले के अंतिम क्षणों में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। कई कड़े टैकल और पीले कार्ड के कारण मैच काफी शारीरिक संघर्ष वाला बन गया।
इस जीत के साथ दो बार की विश्व चैंपियन फ्रांस ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसकी टक्कर मजबूत टीम मोरक्को से होगी।
और पढ़ें: ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी, बोले- खामेनेई के अंतिम संस्कार में जुटे नेताओं को एक ही वार में खत्म कर सकते थे