गाजा पट्टी का प्रमुख सीमा पार मार्ग राफा सोमवार (2 फरवरी 2026) से फिर से फ़िलिस्तीनियों के लिए खोला जाएगा। इज़राइल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि लगभग दो वर्षों से बंद पड़े इस महत्वपूर्ण प्रवेश और निकास द्वार को खोलने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राफा क्रॉसिंग युद्ध से तबाह गाजा के लिए बाहरी दुनिया से जुड़ने का एकमात्र प्रत्यक्ष रास्ता रहा है।
युद्ध से पहले मिस्र से सटा राफा बॉर्डर गाजा निवासियों के लिए बाहर जाने का मुख्य रास्ता था और मानवीय सहायता के प्रवेश का भी प्रमुख केंद्र था। मई 2024 से यह मार्ग काफी हद तक बंद है और गाजा की ओर से यह इज़राइली सेना के नियंत्रण में रहा है।
इज़राइली सेना की मानवीय समन्वय इकाई COGAT ने कहा कि यह सीमा पार मार्ग पैदल आवाजाही के लिए दोनों दिशाओं में खोला जाएगा और इसका संचालन मिस्र तथा यूरोपीय संघ के साथ समन्वय में किया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, आज एक पायलट प्रोजेक्ट के तहत व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जा रहा है और मंगलवार से लोगों की आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है।
और पढ़ें: गाजा का राफा सीमा क्रॉसिंग अगले सप्ताह खुलेगा: फिलिस्तीनी अधिकारी
इज़राइल ने स्पष्ट किया है कि कड़े सुरक्षा जांच के बाद ही फ़िलिस्तीनियों को आने-जाने की अनुमति दी जाएगी। यह सुविधा मुख्य रूप से उन लोगों के लिए होगी जो युद्धग्रस्त गाजा छोड़ना चाहते हैं और उन लोगों के लिए भी, जो युद्ध के शुरुआती महीनों में पलायन कर गए थे और अब लौटना चाहते हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, करीब 20,000 बीमार और घायल गाजा निवासी इलाज के लिए बाहर जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इज़राइली अधिकारियों का कहना है कि प्रतिदिन 150 से 200 लोग ही इस मार्ग से गुजर सकेंगे। शुरुआती दिनों में मिस्र में इलाज के लिए लगभग 200 लोग प्रतिदिन प्रवेश करेंगे, जबकि करीब 50 लोग रोज़ गाजा लौटेंगे।
राफा क्रॉसिंग को फिर से खोलना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इज़राइल-हमास युद्ध समाप्ति योजना के पहले चरण की अहम शर्तों में शामिल है। हालांकि, अक्टूबर में लागू हुए संघर्षविराम के बावजूद हिंसा की घटनाएं जारी हैं।
और पढ़ें: संदेह और उम्मीद के बीच गाज़ा: ट्रंप के बोर्ड ऑफ पीस पर फिलिस्तीनियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया