अमेरिका में एक भारतीय नागरिक पर कैलिफोर्निया के एक शहर में अपने पिज्जा आउटलेट से मादक पदार्थों की बिक्री करने का आरोप लगाया गया है। अमेरिकी न्याय विभाग ने इसकी जानकारी दी।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, 50 वर्षीय कवल प्रीत सिंह अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था। आरोप है कि वह दिनूबा शहर में संचालित राउंड टेबल पिज्जा रेस्तरां से थोक मात्रा में मेथामफेटामाइन बेचता था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह इस दौरान अवैध हथियारों से लैस रहता था।
अमेरिकी संघीय एजेंटों ने 18 अगस्त को सिंह के घर और उसके कारोबारी परिसर की तलाशी ली। इस कार्रवाई के दौरान 40 पाउंड से अधिक मेथामफेटामाइन, तीन आग्नेयास्त्र और 10,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक नकद बरामद किया गया।
और पढ़ें: गुवाहाटी मेथामफेटामाइन जब्ती मामले में तीन तस्करों को 15 साल की कठोर कारावास की सजा
मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में दोषी पाए जाने पर सिंह को कम से कम 10 साल की अनिवार्य जेल सजा और अधिकतम उम्रकैद हो सकती है। इसके अलावा, उस पर 1 करोड़ डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
मादक पदार्थों की तस्करी को बढ़ावा देने के लिए हथियार रखने के आरोप में भी उसे कम से कम पांच साल की अतिरिक्त अनिवार्य सजा का सामना करना पड़ सकता है। यह सजा अन्य सजा के साथ लगातार चल सकती है और अधिकतम उम्रकैद तक हो सकती है।
हालांकि, अंतिम सजा अदालत द्वारा संबंधित कानूनी प्रावधानों और संघीय सजा दिशानिर्देशों पर विचार करने के बाद तय की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लगाए गए आरोप अभी केवल आरोप हैं और दोष सिद्ध होने तक आरोपी को निर्दोष माना जाता है।
इस मामले की जांच संघीय जांच ब्यूरो और होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस ने की। यह कार्रवाई होमलैंड सिक्योरिटी टास्क फोर्स की पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अमेरिका और विदेशों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों, अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठनों तथा मानव तस्करी नेटवर्क को खत्म करना है।
और पढ़ें: कैलिफोर्निया की सिएरा नेवादा में लापता भारतीय मूल के छात्र का मिला शव, अकेले ट्रेकिंग पर निकले थे विक्रम मुबायी